प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान किसानों की लंबित ई-केवायसी, आधार एवं बैंक खाते की डीबीटी सक्रियता, लैंड लिंकिंग, फार्मर आईडी सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही पूरी कराई जाएगी।
अभियान के तहत अपात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन एवं योजना से वंचित पात्र किसानों का पंजीयन भी किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार के साथ पंचायत भवनों में शिविर आयोजित कर किसानों को योजना से संबंधित जानकारी दी जाएगी तथा ई-केवायसी की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
ई-केवायसी के लिए सीएससी केंद्रों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। ग्राम स्तर पर अभियान की गतिविधियों के समन्वय एवं कार्यवाही के लिए पटवारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कृषि, पंचायत सहित अन्य संबंधित विभागों के मैदानी अमले का सहयोग लेकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
अभियान के दौरान लंबित ई-केवायसी, लैंड लिंकिंग, आधार-बैंक खाता लिंकिंग, संदिग्ध हितग्राहियों का सत्यापन तथा लंबित सेल्फ रजिस्ट्रेशन जैसी कार्यवाहियों का भी निराकरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को अभियान के दौरान निर्धारित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीएम-किसान पोर्टल पर उपलब्ध रिपोर्ट के आधार पर कार्यों की सतत निगरानी एवं समीक्षा की जाएगी, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
