डीईओ श्रीमती दीपशिखा चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने और डिजिटल ज्ञान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एनजीओ द्वारा आलीराजपुर जिले के समस्त 97 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए ‘सीएस मैजिक बॉक्स’ उपलब्ध कराए गए।

एपीसी श्री राम अनुज शर्मा ने बताया कि संस्था के अनुसार एनजीओ विगत 18 वर्षों से देश के 28 राज्यों के लगभग 7,300 विद्यालयों में 5 लाख विद्यार्थियों को कंप्यूटर साक्षरता एवं कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था के संस्थापक डॉ. राकेश सूरी ने आलीराजपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए भी इस परियोजना के अंतर्गत ‘सीएस मैजिक बॉक्स’ उपलब्ध कराए गए है।

बिना इंटरनेट के प्राप्त कर सकेंगे कंप्यूटर ज्ञान

‘सीएस मैजिक बॉक्स’ की विशेषता यह है कि इसके माध्यम से विद्यार्थी बिना इंटरनेट के भी कंप्यूटर संबंधी ज्ञान एवं शैक्षणिक सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी तथा डिजिटल सीखने के अवसर बढ़ेंगे।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जिले के सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया कि प्राप्त उपकरणों का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक कंप्यूटर से जोड़ा जाए तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए किया जाए।कलेक्टर ने प्राचार्यों एवं शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को मनोवैज्ञानिक एवं रुचिकर तरीके से शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान दें, ताकि उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़े।

उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए अतिरिक्त प्रयास करने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालयों में उपलब्ध प्रत्येक संसाधन का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। ‘सीएस मैजिक बॉक्स’ के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें आधुनिक शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान से जोड़ा जा सकता है।

इन उपकरणों का वितरण कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा विभाग के सभा कक्ष में किया गया।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, डीईओ श्रीमती दीपशिखा चौहान, डीपीसी सुश्री हिमानी सहित समस्त विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।