सेवा संकल्प अभियान के तहत ओरछा में नुक्कड़ नाटक से दिया जनसेवा का संदेश --
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना के मार्गदर्शन में मंगलवार को ओरछा तहसील के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग एवं मप्र जनअभियान परिषद के सहयोग से नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित हुआ।
अभियान के माध्यम से आमजन को जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनकल्याणकारी प्रयासों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक ‘नमो सेवा की अनकही कहानी’ की थीम पर आधारित रहा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सेवा भावना, जनहित के कार्यों तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सामूहिक सहभागिता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। सहज संवाद, अभिनय और संदेशपरक प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने उपस्थित नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया।
नुक्कड़ नाटक की पहली प्रस्तुति शासकीय महाविद्यालय ओरछा में आयोजित की गई। महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने प्रस्तुति को रुचि के साथ देखा। इसके बाद श्रीराम राजा मंदिर के पीछे स्थित तिराहे पर नुक्कड़ नाटक की दूसरी प्रस्तुति दी गई। सार्वजनिक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं पर्यटक भी प्रस्तुति से जुड़े और कलाकारों द्वारा दिए गए संदेश को सुना।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से सेवा और समर्पण की भावना को रेखांकित करते हुए लोगों को समाजहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन का उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ जनजागरूकता का संदेश आमजन तक सरल एवं प्रभावी माध्यम से पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर श्री प्रमोद तिवारी, श्री विवेक तोमर, श्री बृजेंद्र पाल, श्री विवेक सिंह तोमर, श्री अनुराग शर्मा, श्री माधव राजपूत, श्री सोनू कड़ा सहित विभिन्न नागरिक उपस्थित रहे।




