सतना, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा 29 सितंबर 2026 को होटल पार्क, सतना में “फ्लाई ऐश आधारित ईंट एवं सीमेंट” क्षेत्र से जुड़े निर्माताओं, व्यापारियों एवं एमएसएमई इकाइयों हेतु एमएसएमई बैठक एवं मानक मंथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बीआईएस की गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उद्योग हितधारकों के साथ गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (QCOs), लागू भारतीय मानकों, अनुपालन आवश्यकताओं एवं प्रमाणन प्रक्रिया से संबंधित विषयों पर संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम में सीमेंट उद्योग एवं एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े लगभग 40 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मोहम्मद रिजवान, निदेशक एवं प्रमुख, BIS BPBO के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अध्यक्ष एवं महासचिव, विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स, सतना सहित फ्लाई ऐश आधारित ईंट एवं सीमेंट उद्योग के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने देश में गुणवत्ता संस्कृति के विकास एवं गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में बीआईएस मानकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। संवाद सत्र के दौरान प्रतिभागियों को एमएसएमई इकाइयों के लिए बीआईएस के द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न लाभों, प्रोत्साहनों एवं रियायतों के बारे में भी जानकारी दी गई। इसमें गुणवत्ता सुधार, तकनीकी उन्नयन तथा व्यवसाय को सुगम बनाने से संबंधित सहायता प्रावधानों पर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में श्री सतीश सुखेजा जी ने बीआईएस एवं उद्योगों के मध्य संवाद और सहयोग को सुदृढ़ करने में ऐसे कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हितधारकों को गुणवत्ता संबंधी विषयों, मानकों एवं अनुपालन आवश्यकताओं को समझने तथा गुणवत्ता सुधार की दिशा में अपने सुझाव साझा करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करते हैं।
श्री हरिओम मीणा, वैज्ञानिक-सी/उपनिदेशक, BIS BPBO द्वारा दो तकनीकी प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रथम प्रस्तुति में बीआईएस की प्रमुख गतिविधियों जैसे मानक निर्माण, अनुरूपता मूल्यांकन, प्रमाणन, मानकों के प्रचार-प्रसार तथा मानकीकरण प्रक्रिया में हितधारकों की सहभागिता के बारे में जानकारी दी गई। इस चर्चा से एमएसएमई प्रतिनिधियों को उपलब्ध सुविधाओं को समझने तथा गुणवत्ता एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने हेतु उनका प्रभावी उपयोग करने में सहायता मिली।
द्वितीय प्रस्तुति के अंतर्गत मानक मंथन में IS16720:2018 – पुल्वराइज्ड फ्यूल ऐश-सीमेंट ईंटें — विशिष्टि पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों को मानक के उद्देश्य, क्षेत्र एवं प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया तथा गुणवत्ता एवं अनुपालन आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। तकनीकी चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने फ्लाई ऐश आधारित उद्योगों से संबंधित व्यावहारिक विषयों पर चर्चा की, जिसमें सैंपलिंग पद्धति, परीक्षण प्रक्रिया, प्रयोगशाला आवश्यकताएँ, स्वीकार्यता मानदंड, नमूना प्रबंधन, दस्तावेजीकरण एवं बीआईएस प्रमाणन आवश्यकताएँ शामिल थीं।
कार्यक्रम से उद्योग हितधारकों में बीआईएस मानकों एवं प्रमाणन आवश्यकताओं के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा एमएसएमई इकाइयों की अनुपालन तैयारी को बल मिला। BIS BPBO ने भविष्य में भी निर्माताओं, व्यापारियों एवं एमएसएमई इकाइयों के साथ जागरूकता एवं तकनीकी परामर्श कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।






