सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत जिले के समस्त विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विद्यार्थी द्वारा ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को विषय बनाकर निबंध लेखन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं। विद्यालयों में आयोजित की जा रही इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विकास, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सोचने एवं अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थी अपने सपनों के भारत की कल्पना को शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं। विद्यार्थी विकसित भारत के विभिन्न पहलुओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, तकनीकी विकास तथा युवाओं की भूमिका जैसे विषयों को अपने निबंध में शामिल कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सेवा कार्यों और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों के संबंध में भी विद्यार्थी अपने विचार लिख रहे हैं।
विद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों द्वारा उन्हें विषय की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विद्यार्थियों द्वारा निबंध लेखन के माध्यम से देश के प्रति अपनी सोच, आकांक्षाओं और भविष्य के भारत की परिकल्पना को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें राष्ट्र के वर्तमान विकास और भविष्य की दिशा पर विचार करने का मंच भी प्रदान कर रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों में सेवा, जिम्मेदारी, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।






