मेरा युवा भारत छिंदवाड़ा द्वारा “ नशा मुक्त युवा, विकसित भारत ” राष्ट्रीय संकल्प समारोह के अंतर्गत जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज शहर के मध्य स्थित महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान, नशा मुक्ति शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुश्री सिमरन राजपूत, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पर्यावरणविद् श्री विनोद तिवारी तथा एमएलबी स्कूल की प्राचार्य श्रीमती अलका श्रीवास्तव उपस्थित थीं। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक श्री राघवेंद्र वसूले द्वारा किया गया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने स्वास्थ्य एवं भविष्य को सुरक्षित रखने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है और नशामुक्त युवा ही स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर सुश्री सिमरन राजपूत ने कहा कि युवा वर्ग को नशे से बचना चाहिए, क्योंकि नशा नाश की जड़ है। नशे के परिणाम भयावह होते हैं। उन्होंने बच्चों द्वारा नशे के खिलाफ प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को जिस तरह प्रस्तुत किया है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। सभी विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम के अतिथि श्री अखिलेश जैन ने कहा कि नशामुक्त भारत बनाने में युवाओं की बहुत बड़ी शक्ति है। सभी युवा नशे से दूर रहें और दूसरों को भी नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। अपना जीवन सुरक्षित रखते हुए नशामुक्त भारत बनाने में सक्रिय सहभागिता प्रदान करें।
श्री विनोद तिवारी ने कहा कि आज के समय में बड़ी संख्या में युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में है। हमें उन्हें इससे मुक्त करना है। सभी युवा देश की शक्ति हैं। युवा नशे से दूर रहेंगे, तभी स्वस्थ समाज की स्थापना संभव है। उन्होंने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
साथ ही हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत से जुड़े राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में सुश्री सिमरन राजपूत द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना रहा।





