"आयुष्मान भारत योजना" गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत संबल बन रही है। खंडवा के इमलीपुरा निवासी श्रीमती यासमीन, पति गालिफ खान के परिवार के लिए यह योजना उस समय जीवनदायिनी साबित हुई, जब प्रसव के बाद नवजात की हालत गंभीर हो गई।

मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय, खंडवा में यासमीन का निःशुल्क उपचार किया गया तथा गंभीर स्थिति में नवजात को एसएनसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्टाफ की निगरानी में उपचार दिया गया। सामान्य प्रसव के बाद बिगड़ी नवजात की हालत प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर यासमीन को मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय, खंडवा में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा आवश्यक जांच एवं उपचार के बाद यासमीन ने सामान्य प्रसव के माध्यम से बच्चे को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद नवजात के नहीं रोने पर चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक उपचार शुरू किया और बच्चे को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती किया।

5 दिन सीपेप मशीन पर रखकर किया उपचार

एसएनसीयू प्रभारी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा वास्केल ने बताया कि जन्म के बाद नवजात का न रोना गंभीर स्थिति का संकेत था। चिकित्सकीय टीम ने बिना देरी किए नवजात को लेबर रूम से एसएनसीयू में शिफ्ट किया। बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे 5 दिनों तक सीपेप मशीन पर रखकर ऑक्सीजन एवं आवश्यक उपचार दिया गया।

चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के सतत प्रयासों से नवजात ने उपचार का अच्छा प्रतिसाद दिया और अब वह स्वस्थ है। बिना आर्थिक चिंता के मिला उपचार यासमीन ने बताया कि प्रसव के बाद बच्चे की हालत देखकर परिवार काफी चिंतित था, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उन्हें और उनके नवजात बच्चे को उपचार, आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क प्राप्त हुईं।

इससे परिवार को इलाज के खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ी। यासमीन ने जताया आभार बच्चे के स्वस्थ होने के बाद यासमीन और उनके परिवार ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

आयुष्मान योजना से मजबूत हुआ स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा

यासमीन की यह कहानी बताती है कि समय पर मिली विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ गंभीर परिस्थितियों में परिवारों के लिए कितना महत्वपूर्ण हो सकता है। खंडवा जिला अस्पताल का एसएनसीयू गंभीर स्थिति वाले नवजातों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उपचार की सुविधा मिलने से उनके लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और आर्थिक सुरक्षा दोनों मजबूत हुई हैं।